बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का क्रेज और स्टारडम आज भी सीमाओं से परे है और उनकी लोकप्रियता का आलम यह है कि दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच जाएं, उनके चाहने वाले पलक-पांवड़े बिछाए नजर आते हैं। हाल ही में जब 'भाईजान' एक ब्रांड लॉन्च इवेंट के सिलसिले में दुबई पहुंचे, तो वहां उनके स्वागत में फैंस का ऐसा जनसैलाब उमड़ा जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में सलमान की सिर्फ एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में फैंस वेन्यू पर इकट्ठा हो गए थे।
आलम यह था कि भीड़ को बेकाबू होता देख आयोजकों को कुछ समय के लिए एंट्री तक रोकनी पड़ी। वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान की सुरक्षा टीम को फैंस को संभालने और उन्हें दूर रखने के लिए कड़ी मशक्कत करते हुए इंसानी चेन तक बनानी पड़ी।
खचाखच भर गया एग्जीबिशन फ्लोर और फैंस का उत्साह
दुबई के जाबील हॉल 6 में स्थित ब्रांड के बूथ पर दोपहर से पहले ही फैंस का तांता लगना शुरू हो गया था। लोग एक-दूसरे से सटकर कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे और पूरा एग्जीबिशन फ्लोर पूरी तरह पैक हो चुका था। हालांकि, ब्रांड के आधिकारिक हैंडल पर फैंस से मुलाकात यानी 'मीट एंड ग्रीट' और ऑफिशियल लॉन्च का समय तय था, लेकिन दीवानगी ऐसी थी कि लोग घंटों पहले ही अपनी जगह पर डट गए थे। इस दौरान भीड़ में मौजूद हर शख्स अपने मोबाइल फोन के साथ तैयार खड़ा था, ताकि सलमान के एंट्री करते ही उस खास पल को कैमरे में कैद किया जा सके।
पाकिस्तानी प्रशंसकों ने भी बरसाया प्यार
इतनी भारी भीड़ के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर लोगों का सलमान के प्रति प्रेम साफ देखने को मिला। पाकिस्तान की रहने वाली एक फैन महा नूर ने बताया कि वह बचपन से ही सलमान की बड़ी फैन रही हैं। उन्होंने कहा कि सलमान काफी हैंडसम और मजाकिया हैं, उनका चार्म अलग है और सबसे बड़ी बात कि वह सभी के प्यारे 'भाई' हैं। इसी तरह कई अन्य विदेशी और स्थानीय नागरिक भी खास तौर पर सलमान खान को ही देखने के लिए इस ट्रेड शो में पहुंचे थे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।







