मुंबई की चकाचौंध भरी दुनिया में सफलता की कहानियां अक्सर फिल्मी पर्दों पर अच्छी लगती हैं, लेकिन कुछ असल जिंदगी की दास्तानें उससे भी ज्यादा रोमांचक होती हैं। बॉलीवुड सितारों की गाड़ियां चलाने वाले एक शख्स ने जब ड्राइवर की नौकरी छोड़कर साइकिल पर मोमो बेचना शुरू किया, तो किसी ने नहीं सोचा था कि वह शहर का 'मोमो किंग' बन जाएगा। हालांकि, अब इस मशहूर ब्रांड की मुश्किलें बढ़ गई हैं और फूड अथॉरिटी ने इस पर बड़ी कार्रवाई की है।
दार्जिलिंग के मिरिक गांव से महज 14 साल की उम्र में मुंबई आए सूरज लामा ने रोजगार की तलाश में संघर्ष की शुरुआत की थी। कई छोटे-मोटे काम करने के बाद वह सेलिब्रिटी ड्राइवर बन गए और लगभग 25 साल तक शाहिद कपूर, सोनाक्षी सिन्हा और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी जगहों पर गाड़ियां चलाईं। एक घटना के बाद उनके मन में कुछ अपना शुरू करने का विचार आया और उन्होंने 2017 में अपनी नौकरी और बाइक छोड़कर साइकिल पर मोमो बेचना शुरू कर दिया। उनकी पत्नी, जो एक मशहूर गायक के घर में कुक थीं, उन्होंने भी इस सफर में उनका पूरा साथ दिया।
साइकिल से शुरू हुआ सफर और 16 हजार मोमो प्रतिदिन का कारोबार
शुरुआत में अंधेरी वेस्ट की गलियों में साइकिल पर घूम-घूमकर मोमो बेचने वाले सूरज लामा के स्वाद ने लोगों का दिल जीत लिया। धीरे-धीरे उन्होंने वर्सोवा, मालाड और कांदिवली में अपने स्टोर खोले। उनकी इस सफलता में सोनाक्षी सिन्हा और उनके परिवार तक मोमो पहुंचने का भी योगदान रहा, जिन्होंने इसके स्वाद की सराहना की थी। एक वक्त ऐसा आया कि उनकी सेंट्रल किचन में करीब 25 लोगों की टीम रोजाना 16 हजार से ज्यादा मोमो तैयार करने लगी। उनकी सफलता की यह कहानी सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल रही है।
संबंधित खबरें
FDA की बड़ी कार्रवाई और लाइसेंस सस्पेंड
अपने घर जैसे स्वाद और क्वालिटी के दम पर पहचान बनाने वाले इस लोकप्रिय ब्रांड पर अब महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की गाज गिरी है। त्योहारी सीजन के दौरान चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत FDA ने सूरज लामा मोमोज के अंधेरी वेस्ट स्थित मूल आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, खाने को संभालने, स्टोर करने के तरीकों, सैनिटेशन और साफ-सफाई में गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके चलते खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत यह सख्त कदम उठाया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।








