पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां हनीमून मनाने गए एक नए जोड़े की खुशी पलभर में मातम में बदल गई। उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा इलाके के रहने वाले सौविक दास अपनी पत्नी निकिता के साथ दार्जिलिंग के सिटोंग इलाके में एक होमस्टे में ठहरे थे। शादी के अभी महज एक महीना ही हुआ था और दोनों अपनी जिंदगी के इस नए सफर की शुरुआत करने पहुंचे थे, लेकिन किसे पता था कि यह ट्रिप एक डरावना सपना बन जाएगी।
सिटोंग के होमस्टे में हुआ दर्दनाक हादसा
घटना 13 सितंबर की रात की है। कपल ने होमस्टे के स्टाफ से रात के वक्त बारबेक्यू की डिमांड की थी। स्टाफ ने रात करीब 8:30 बजे उनके लिए बारबेक्यू का इंतजाम किया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कपल बारबेक्यू के पास आराम से बैठा हुआ है और माहौल काफी खुशनुमा है। तभी वहां मौजूद एक कर्मचारी मक्के को भूनने के दौरान आग तेज करने के लिए उसमें अचानक कोई ज्वलनशील तरल पदार्थ (फ्लुइड) डाल देता है।
संबंधित खबरें
तरल पदार्थ डालते ही भड़की आग, मची अफरा-तफरी
जैसे ही कर्मचारी ने आग में वह तरल पदार्थ डाला, लपटें अचानक इतनी तेज हो गईं कि पास बैठी निकिता अपनी चपेट में आ गई। आग ने पलभर में महिला को घेर लिया और वह जमीन पर गिर पड़ीं। अपनी पत्नी को आग की लपटों से घिरा देख पति सौविक तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। इस भयानक मंजर को देखकर होमस्टे का वह कर्मचारी भी अपनी टी-शर्ट उतारकर आग बुझाने की कोशिश करने लगा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और निकिता गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
अस्पताल पहुंचने के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार
पीड़ित पति सौविक दास ने इस हादसे के बाद होमस्टे प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि घटना के तुरंत बाद वहां कोई प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा, मौके पर कोई गाड़ी भी नहीं मिल पाई जिससे समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्हें एम्बुलेंस या वाहन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद वे अपनी पत्नी को सिलीगुड़ी के एक अस्पताल ले जा सके।
"मेरी पत्नी 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। होमस्टे में फर्स्ट एड तक का इंतजाम नहीं था और न ही कोई गाड़ी मिली। हमें अस्पताल पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। मैं अपनी पत्नी के लिए न्याय चाहता हूं।" — सौविक दास, पीड़ित पति
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, वीडियो हुआ वायरल
घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हादसे की पूरी भयावहता साफ नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है और वे होमस्टे मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने पति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि होमस्टे में इस तरह की लापरवाही कैसे बरती गई और क्या उनके पास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। फिलहाल, निकिता की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।







