ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते समय आपने भी कभी नोटिस किया होगा कि एक ही रेस्टोरेंट और एक ही डिश की कीमत अलग-अलग ऐप पर अलग दिख रही है। अब एक रेडिट यूजर का अनुभव इसी सवाल को लेकर चर्चा में है। यूजर ने बताया कि एक बार उसे बिल्कुल वही बिरयानी खरीदने के लिए 130 रुपये ज्यादा चुकाने पड़े। इसके बाद उसने अलग-अलग फूड डिलीवरी ऐप्स की कीमतों को कंपेयर करना शुरू कर दिया।
यूजर ने रेडिट पर बताया कि उसने अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कीमतों की तुलना शुरू की। इसके बाद उसके मन में एक सवाल आया- एक प्लेट चिकन बिरयानी की कीमत अलग-अलग ऐप पर अलग क्यों होती है?
एक ही खाना, फिर कीमत अलग क्यों?
इसका सबसे सीधा जवाब है कि फूड डिलीवरी ऐप पर दिखने वाली अंतिम कीमत सिर्फ खाने की कीमत नहीं होती। इसमें रेस्टोरेंट की लिस्टेड कीमत के अलावा डिलीवरी चार्ज, प्लेटफॉर्म से जुड़े शुल्क, पैकेजिंग या हैंडलिंग चार्ज, टैक्स और अलग-अलग डिस्काउंट का असर पड़ सकता है। जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों की शर्तों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर दिखाई जाने वाली कीमत रेस्टोरेंट पार्टनर की ओर से तय की जाती है, जिसमें पैकेजिंग चार्ज भी शामिल हो सकते हैं।
संबंधित खबरें
डिस्काउंट और ऑफर्स से बदल जाता है पूरा हिसाब
मान लीजिए किसी रेस्टोरेंट की बिरयानी दोनों ऐप पर एक जैसी कीमत की है। इसके बाद एक ऐप पर कूपन मिल गया, जबकि दूसरे पर कोई डिस्काउंट नहीं मिला। दोनों जगह एक ही बिरयानी होने के बावजूद ग्राहक का अंतिम बिल अलग हो जाएगा। इसके अलावा डिलीवरी की दूरी, डिलीवरी चार्ज और दूसरे लागू शुल्क भी अंतिम रकम को बदल देते हैं। यही वजह है कि किसी भी ऐप पर ऑर्डर करने से पहले सिर्फ मेन्यू की कीमत देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि असली तुलना कार्ट की अंतिम कीमत से करनी चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस पोस्ट और दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह विषय सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / रेडिट।
