फिल्मों की दुनिया में किस्मत कब किसका दरवाजा खटखटा दे, कोई नहीं जानता। ‘हनुमान अंश’ से जुड़ी 21 साल की अनुप्रिया नागर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। इकॉनमिक्स की पढ़ाई करने वाली अनुप्रिया ने विदेश में पढ़ाई की, ज्यूरिख में अपनी ‘ड्रीम जॉब’ हासिल की और एक आरामदायक जिंदगी की तैयारी कर रही थीं। लेकिन नीम करोली बाबा की कहानी से जुड़ाव ऐसा हुआ कि उन्होंने सबकुछ पीछे छोड़कर फिल्म में पैसा लगाने का फैसला कर लिया।
दिलचस्प बात ये है कि अनुप्रिया ने फिल्म के बनने के शुरुआती दौर में एंट्री नहीं ली थी। जब ‘हनुमान अंश’ की शूटिंग पूरी हो चुकी थी और पोस्ट-प्रोडक्शन शुरू होने वाला था, उस वक्त फिल्म को फंडिंग की जरूरत थी। अनुप्रिया ने फिल्म की कहानी पढ़ी और महज एक बैठक में उन्हें लगा कि यही वो मौका है जिसका वह लंबे समय से इंतजार कर रही थीं।
नीम करोली बाबा की कहानी से जुड़ाव और 120 पन्नों की स्क्रिप्ट
अनुप्रिया का फिल्म इंडस्ट्री में आने का कोई प्लान नहीं था। वह यूके में इकॉनमिक्स की पढ़ाई कर रही थीं और पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्यूरिख में उन्हें नौकरी भी मिल गई थी। लेकिन पढ़ाई के दौरान ही उनकी दिलचस्पी नीम करोली बाबा की कहानी में बढ़ने लगी। यूनिवर्सिटी के अपने फाइनल ईयर प्रोजेक्ट के दौरान वह टेक्नोलॉजी कंपनियों के फाउंडर्स पर रिसर्च कर रही थीं, तभी उनकी नजर स्टीव जॉब्स और नैनीताल के कैंची धाम से जुड़े किस्से पर पड़ी। भारत आने के दौरान उनकी मुलाकात प्रोड्यूसर रागिनी सोना से हुई, जिन्होंने उन्हें ‘हनुमान अंश’ के बारे में बताया। अनुप्रिया ने 120 पन्नों की स्क्रिप्ट एक ही बैठक में पढ़ डाली और को-प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ गईं।
संबंधित खबरें
50 लाख का निवेश और हैरान करने वाला रिटर्न
महज 21 साल की उम्र में अनुप्रिया ने फिल्म में अपनी बड़ी बचत से 50 लाख रुपये निवेश किए, जबकि फिल्म का कुल बजट 1.5 करोड़ रुपये के आसपास था। जब उन्होंने अपने परिवार को ज्यूरिख की नौकरी छोड़कर फिल्म में पैसे लगाने के बारे में बताया, तो घरवाले हैरान रह गए। हालांकि, फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता के बाद अब इस निवेश ने उन्हें भारी मुनाफे की दौड़ में ला खड़ा किया है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।





