भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ एक डरावने वाकये को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह बिहार शरीफ में एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंची थीं, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन यह उत्साह जल्द ही अराजकता में बदल गया और भीड़ ने अभिनेत्री की कार पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस बल की मौजूदगी भी नाकाफी साबित हुई। शोरूम संचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अभिनेत्री को ड्राइवर गेट के रास्ते चुपचाप बाहर निकाला और उनकी गाड़ी को रवाना किया। हालांकि, भीड़ ने कार का पीछा किया और ईंट-पत्थरों से हमला कर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
सेफ हैं काजल राघवानी, सोशल मीडिया पर दिया रिएक्शन
इस पूरी घटना के बाद से सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है। फैंस अभिनेत्री की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे, लेकिन काजल राघवानी ने खुद सामने आकर अपने चाहने वालों को आश्वस्त किया। शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं स्वस्थ हूं, टेंशन ना लो जी।" इस बयान के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है।
संबंधित खबरें
प्रशासन और आयोजकों के बीच विवाद
इस हाई-प्रोफाइल घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों की तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का दावा है कि इस इवेंट के लिए कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी और आयोजकों को नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, शोरूम संचालक ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा है कि जिला प्रशासन को उद्घाटन की पूरी जानकारी पत्र के जरिए दी गई थी और 17 सितंबर को ही अनुमति के लिए आवेदन जमा कर दिया गया था।
काजल राघवानी ने अपने करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में की थी। गुजराती फिल्मों से अपने अभिनय सफर का आगाज करने वाली काजल ने साल 2013 में फिल्म 'रिहाई' से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा था। अब तक वह 'पटना से पाकिस्तान', 'मेहंदी लगा के रखना' और 'संघर्ष' जैसी 50 से अधिक फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। हाल ही में वह 'भोजपुरी बवाल' शो में भी चर्चा का केंद्र बनी थीं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।



