कहते हैं इंसान रिश्तों से चलता है। हर रिश्ते की अपनी एक तासीर होती है। पापा की डांट, मां की ममता और दादी के बुजुर्ग हाथों का स्पर्श... इन रिश्तों से मिली सीख जिंदगी के मुश्किल दौर में अक्सर काम आती है। उम्र के थपेड़ों से गुजरकर दादी जो अनुभव हासिल करती हैं, वही कई बार जिंदगी का सबसे बड़ा सबक बन जाते हैं। ऐसी ही एक दादी इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।
उम्र के इस पड़ाव पर भी बेहद सक्रिय रहने वाली इन बुजुर्ग महिला का अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है। उनके पोते वीडियो बनाने में उनकी मदद करते हैं। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने वाले उनके वीडियो भारत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों में भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। उनकी सादगी और जिंदगी के अनुभवों से जुड़ी बातें लोगों को अपने घर के बुजुर्गों की याद दिलाती हैं।
88 साल की उम्र में दी 30 साल की सीख
इनका एक वीडियो खास तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें उन्होंने बताया कि अगर उन्हें दोबारा 30 साल की उम्र में जाने का मौका मिले तो वह सबसे पहले दूसरों से अपनी तुलना करना बंद कर देंगी। उन्होंने अपने अनुभव के आधार पर साझा किया कि एक समय उन्हें भी लगता था कि दूसरे लोग उनसे आगे निकल रहे हैं। लेकिन वक्त के साथ उन्हें समझ आया कि जिंदगी कोई ऐसी दौड़ नहीं है, जिसमें हर व्यक्ति को एक ही समय पर मंजिल तक पहुंचना हो।
उनकी यह सीख आज की युवा पीढ़ी के लिए बहुत मायने रखती है। वह समझाती हैं कि दूसरों की जिंदगी देखकर खुद को कमतर आंकने के बजाय अपनी राह पर ध्यान देना चाहिए। अपनी गति से आगे बढ़ना और छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना ही जिंदगी को सही मायनों में बेहतर बनाता है।
संबंधित खबरें
युवाओं को क्यों भा रहा है दादी का अंदाज?
आमतौर पर इंस्टाग्राम को युवाओं की दुनिया माना जाता है, लेकिन इनकी बातें जेन-जी से लेकर हर उम्र के वर्ग को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उनकी बातें किसी किताबी सलाह जैसी नहीं लगतीं, बल्कि सीधे दिल से निकलती हैं। जब जिंदगी की उलझनें बढ़ने लगती हैं, तो ऐसे अनुभव से भरी बातें सुकून देती हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।





