कई लोगों के लिए किसी अजनबी से बातचीत शुरू करना आसान नहीं होता, खासकर तब जब आप खुद को इंट्रोवर्ट मानते हों। लेकिन ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर साहिल, जो सोशल मीडिया पर @introvert_sahil_talks नाम से जाने जाते हैं, ने अपनी इसी झिझक को एक अनोखे सोशल एक्सपेरिमेंट में बदल दिया। उन्होंने सफर के दौरान कुछ अजनबियों से अपने लिए एक छोटी सी चिट्ठी लिखने का अनुरोध किया। इसी दौरान उन्होंने एयर इंडिया की एक एयर होस्टेस से भी ऐसा ही आग्रह किया, जिसके बाद जो हुआ उसने सभी का दिल जीत लिया।
साहिल ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में बताया कि वह खुद एक इंट्रोवर्ट हैं। अनजान लोगों से अपने दिल की बात या कोई संदेश लिखवाने के लिए कहना उनके लिए अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलने जैसा था। जब उन्होंने एयर इंडिया की एयर होस्टेस से खत लिखने को कहा, तो वह इसके लिए खुशी-खुशी तैयार हो गईं और उन्होंने जो लिखा वह बेहद प्रेरणादायक था।
'मैं भी इंट्रोवर्ट हूं...' - एयर होस्टेस का खूबसूरत संदेश
एयर होस्टेस ने अपने खत की शुरुआत ‘डियर साहिल’ से की। उन्होंने लिखा कि उनसे मिलकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। इसके बाद उन्होंने साझा किया कि वह खुद भी एक इंट्रोवर्ट हैं और अच्छी तरह समझ सकती हैं कि साहिल के लिए इस तरह अजनबियों से बात करना कितना चुनौतीपूर्ण रहा होगा। उन्होंने अपनी जिंदगी के उस दौर को भी याद किया जब वह छोटी-छोटी बातों पर ओवरथिंक करती थीं और हर समय अपने आसपास लोगों का होना चाहती थीं।
हालांकि, वक्त के साथ उनकी सोच में बदलाव आया। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने धीरे-धीरे अपनी खुद की कंपनी में खुश रहना सीख लिया। अकेले खाना खाना, अकेले घूमना और अकेले शॉपिंग करना अब उन्हें सुकून देता है।
संबंधित खबरें
'अकेले रहना सीखा तो जिंदगी में मिला सुकून'
अपने खत में एयर होस्टेस ने आगे लिखा कि उन्होंने जीवन में थोड़ा स्पॉन्टेनियस होना सीखा है। उनके मुताबिक, अकेले रहने का मतलब अकेलापन नहीं होता। उन्होंने साहिल के लिए उम्मीद जताई कि वह भी एक दिन खुद के साथ पूरी तरह सहज हो जाएंगे और अकेलेपन में वही आंतरिक शांति महसूस करेंगे जो उन्होंने पाई है। यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि एक साधारण सी पहल कैसे दो अजनबियों को गहरे स्तर पर जोड़ सकती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।




