भारत में जहां घर के बाहर या बगीचे में गिरी पत्तियों को लोग अक्सर खुद ही झाड़ू लगाकर साफ कर लेते हैं, वहीं पश्चिमी देशों में ऐसे कामों के लिए पेशेवर कर्मचारियों की सेवाएं ली जाती हैं। अमेरिका में बागवानी और घर के बाहर की देखभाल से जुड़े काम एक व्यवस्थित रोजगार का रूप ले चुके हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों इसी से जुड़ा एक दिलचस्प वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिका में पत्तियों की सफाई करने वाले काम और उससे होने वाली कमाई के बारे में दिखाया गया है।
अमेरिका में घरों और सड़कों के आसपास सूखे पत्ते जमा होना आम बात है। इन्हें साफ करने के लिए लोग लैंडस्केप प्रोफेशनल्स की मदद लेते हैं। ये लोग 'लीफ ब्लोअर' नाम की मशीन से हवा के दबाव की मदद से पत्तियों को एक जगह इकट्ठा करके साफ करते हैं। अगर घर के बाहर के पत्तों को समय पर साफ न करवाया जाए, तो स्थानीय नियमों के तहत जुर्माना भी लग सकता है। यही वजह है कि लोग गार्डनिंग और घर के बाहर की देखभाल करने वाले कर्मचारियों को हायर करते हैं।
तेज हवा से होती है पत्तियों की सफाई
पत्तियों को साफ करने के लिए जिस मशीन का इस्तेमाल किया जाता है, उसे लीफ ब्लोअर कहा जाता है। यह मशीन काफी तेज हवा छोड़ती है, जिसकी मदद से कर्मचारी जमीन पर फैली सूखी पत्तियों को आसानी से एक जगह इकट्ठा कर लेते हैं। दूर से देखने पर यह काम काफी आसान लग सकता है, लेकिन असल में इस काम में काफी समय और मेहनत लगती है। कर्मचारियों को बड़े-बड़े परिसरों, बगीचों और खुले हिस्सों की पूरी सफाई करनी पड़ती है।
संबंधित खबरें
घंटे के हिसाब से मिलती है तगड़ी मजदूरी
अब सवाल यह उठता है कि इस काम के बदले इन कर्मचारियों को कितने पैसे मिलते हैं? अमेरिका में बागवानी और मैदान की देखभाल से जुड़े कर्मचारियों को आमतौर पर घंटे के हिसाब से भुगतान किया जाता है। रिपोर्ट और आंकड़ों के अनुसार, ऐसे काम करने वाले लोगों को 15 से 22 डॉलर प्रति घंटे की मजदूरी मिलती है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 1,300 से 1,900 रुपये प्रति घंटा बैठती है। हालांकि, यह कमाई अनुभव, शहर और कंपनी के आधार पर कम या ज्यादा भी हो सकती है।
सिर्फ पत्तियां साफ करना ही नहीं है पूरा काम
यह भी ध्यान देने योग्य बात है कि अमेरिका में लीफ ब्लोअर चलाने वाला कर्मचारी केवल पत्तियां साफ करने तक सीमित नहीं रहता। ऐसे कर्मचारी अक्सर बागवानी और लाॅन मेंटेनेंस से जुड़े दूसरे काम भी संभालते हैं, जिनमें घास काटना, पौधों की छंटाई करना और पूरे बगीचे को व्यवस्थित रखना शामिल है। यही कारण है कि वहां इन सेवाओं के लिए अच्छी खासी कीमत चुकानी पड़ती है और यह एक बड़ा सेक्टर बन चुका है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।


