आमतौर पर जब काम और कमाई के बारे में सोचा जाता है, तो कुछ गिने-चुने प्रोफेशन को ही ऐसा माना जाता है कि इन सेक्टर में जॉब करके अच्छा पैसा कमाया जा सकता है। इनमें आईटी, मेडिकल और लॉ जैसे सेक्टर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में काम करने के लिए खास स्किल की जरूरत होती है। लेकिन ब्रिटेन की लिज ईस्ट की कहानी इस दायरे को पूरी तरह तोड़ती है। वह कुत्तों को घुमाकर शानदार कमाई कर रही हैं और इस काम को चुनने के लिए उन्होंने क्रिमिनल डिफेंस लॉयर का प्रोफेशन छोड़ दिया। अब वह अपनी जिंदगी से पहले के मुकाबले काफी खुश हैं। उनके पास सुकून भी है और वर्क प्रेशर भी न के बराबर है।
12 घंटे की नौकरी और दो घंटे का सफर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लिज ने क्रिमिनल डिफेंस में करीब चार साल तक पैरालीगल के तौर पर काम किया। इस दौरान उनका काम सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं था। उन्हें प्रशासनिक काम के अलावा अदालत जाना, जेलों का दौरा करना और क्लाइंट्स से मुलाकात करना पड़ता था। लिज के मुताबिक, कई बार उनका काम का दिन 12 घंटे से भी ज्यादा लंबा हो जाता था और लंदन आने-जाने में करीब दो घंटे का समय बर्बाद होता था। इस थकाऊ रूटीन ने उन्हें अपने करियर के बारे में नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया।
संबंधित खबरें
पति को देखकर बदला नजरिया और शुरू किया नया बिजनेस
लिज के करियर में बदलाव की एक बड़ी वजह उनके पति भी बने। उनके पति पहले से डॉग-वॉकिंग और डॉग-बोर्डिंग का काम करते हैं और अपने काम से बेहद खुश रहते हैं। लिज ने देखा कि उनके पति अपने काम को लेकर कितने उत्साहित रहते हैं। इसके उलट, वह खुद हर वीकेंड काम के तनाव में डूबी रहती थीं। यहीं से उन्होंने कॉरपोरेट नौकरी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने एक वैन खरीदी और अपने डॉग-वॉकिंग बिजनेस को खड़ा करने की शुरुआत की।
Exploring the life of pet service entrepreneurs who transformed their corporate burnout into successful small businesses. (Representational Video)
— The Freelance (@TheFreelanceIn)
एक दिन में 20 से 30 कुत्ते घुमाकर हो रही है बंपर कमाई
लिज अब आम तौर पर एक दिन में 20 से 30 कुत्तों को घुमाती हैं, जिसके लिए वह प्रति कुत्ते के हिसाब से चार्ज करती हैं। उनका दावा है कि एक दिन में उनकी कमाई लगभग 38 हजार से 50 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। उनका कहना है कि अब वह अपनी पुरानी कॉरपोरेट नौकरी के मुकाबले हर महीने हजारों पाउंड ज्यादा कमा रही हैं, और वह भी पहले की तुलना में आधे से भी कम समय काम करके। हालांकि, वह मानती हैं कि इस काम के लिए कुत्तों से प्यार होना सबसे ज्यादा जरूरी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।






