किसी परिवार को जब यह लगता है कि उनके घर के बुजुर्ग की मौत हो गई है, तो अमूमन शव को सुरक्षित रखकर अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। लेकिन क्या हो जब उसी ताबूत के अंदर से अचानक गुनगुनाने जैसी आवाज आने लगे? चीन से एक ऐसा ही अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने मेडिकल साइंस और लोगों को अचंभित कर दिया है।
लंबी बीमारी के बाद उठाया गया था यह कदम
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना उत्तरी चीन की है। यहां 70 साल से ज्यादा उम्र की एक महिला लंबे समय से सेरेब्रल थ्रोम्बोसिस यानी दिमाग की नस में खून का थक्का जमने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। जब डॉक्टरों ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए, तो परिवार उन्हें घर ले आया था। 8 सितंबर को परिवार के सदस्यों को लगा कि महिला की सांसें थम चुकी हैं और उनकी मौत हो गई है। दूर रह रहे रिश्तेदारों के आने का इंतजार करने के लिए शव को एक रेफ्रिजरेटेड ताबूत में सुरक्षित रख दिया गया।
संबंधित खबरें
ताबूत से आई आवाज और फिर टूटी सांसें
परिवार के लोग उस वक्त सन्न रह गए जब अगले दिन यानी 9 सितंबर की शाम ताबूत के अंदर से हल्की सी गुनगुनाने की आवाज सुनाई दी। बहू ने तुरंत परिवार को इसकी सूचना दी और ताबूत खोला गया। ताज्जुब की बात यह थी कि महिला में जीवन के संकेत मिल रहे थे। हालांकि, कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ी और 11 सितंबर की रात उनकी वास्तविक मृत्यु हो गई।
क्या कहती है मेडिकल साइंस?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह 'अपैरेंट डेथ' (Apparent Death) का मामला हो सकता है, जिसमें शरीर की गतिविधियां और मेटाबॉलिज्म बेहद धीमा हो जाता है। ऐसे में इंसान को मृत समझ लेना आसान होता है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मृत्यु की पुष्टि करने से पहले चिकित्सीय मानकों का पालन कितनी सावधानी से किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।





