हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी चोट की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बाकी मोहरों की तलाश में जुट गई है।
मत्तेवाली फ्लाईओवर के पास धरे गए तस्कर
क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूत्रों से पुख्ता जानकारी मिली थी कि इलाके में एक तस्कर किसी बड़ी डील की फिराक में है। सूचना मिलते ही इंचार्ज मनोज कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और पंचकूला-यमुनानगर मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दी। मत्तेवाली फ्लाईओवर के पास संदिग्ध हालत में खड़े युवक को जब पकड़ा गया, तो उसके बैग से सनसनीखेज खुलासे हुए। पुलिस की तलाशी में उसके पास से 256 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
संबंधित खबरें
अमृतसर से जुड़ा है नशे का यह काला तार
पकड़े गए आरोपी की पहचान पंचकूला के गांव श्यामटू निवासी 24 साल के मोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मोहित लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल था। वह पंजाब के अमृतसर से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आता था। इसके बाद वह पंचकूला, ढकोली, जीरकपुर और आसपास के अन्य रिहायशी इलाकों में अपने नेटवर्क के जरिए इसे खपाता था।
2500 रुपये में बेची जाती थी एक-एक ग्राम की पुड़िया
नशा तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने का बेहद शातिर तरीका अपनाया हुआ था। आरोपी मोहित हेरोइन की बड़ी खेप लाने के बाद उसे घर पर ही एक-एक ग्राम की छोटी-छोटी पुड़िया में पैक करता था। ग्राहकों की डिमांड के हिसाब से इन पुड़ियाओं को 2500 रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचा जाता था। इस तरह कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने की चाह में वह युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा था।
"हमारी प्राथमिकता पंचकूला को नशा मुक्त बनाना है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान मुख्य सप्लायर का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।" — अमरिंदर सिंह, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक
चंडीमंदिर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चंडीमंदिर थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान और अधिक सख्ती से चलाया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अमृतसर में इस हेरोइन का मुख्य सप्लायर कौन है और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





