फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का 75 की उम्र में निधन हो गया है। ‘वेलकम’, 'गदर', ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले मुश्ताक खान ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैंसर से लंबी जंग और अस्पताल में अंतिम दिन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुश्ताक खान पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। वह गंभीर बीमारी कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें करीब पांच साल पहले फेफड़ों के कैंसर (Lung Cancer) का पता चला था, जो हाल ही में दोबारा लौट आया था। बीमारी उनके लिवर तक फैल चुकी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। उनके बिजनेस पार्टनर ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मुश्ताक खान अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों, बेटे मोहसिन खान और बेटी सबा खान को छोड़ गए हैं। बेहद कमजोर होने के बावजूद वह अंतिम समय तक लोगों से बात कर रहे थे और उनके कई प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में थे।
संबंधित खबरें
सपोर्टिंग रोल से बनाई थी खास पहचान
मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी सफर में ज्यादातर सपोर्टिंग और कॉमेडी किरदारों के जरिए अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। फिल्म ‘वेलकम’ में उनका अंदाज दर्शकों को आज भी याद है। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य प्रतिष्ठित फिल्मों में भी अपने अभिनय की गहरी छाप छोड़ी थी। पर्दे पर हमेशा लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाले इस कलाकार के यूं चले जाने से फैंस काफी भावुक हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।




