जिस रुबिक क्यूब को सुलझाने में बड़े-बड़े धुरंधरों और युवाओं के पसीने छूट जाते हैं, उसे छह साल की एक छोटी सी बच्ची ने पलक झपकते ही हल कर नया इतिहास रच दिया है। चीन की इस प्रतिभावान बच्ची ने 3x3 रुबिक क्यूब को बेहद तेजी से सुलझाकर महिला वर्ग में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। नन्हीं सी उम्र में इस शानदार उपलब्धि ने हर किसी को अचंभित कर दिया है।
चीनी सरकारी ब्रॉडकॉस्टर के मुताबिक, इस प्रतिभावान बच्ची ने हाल ही में आयोजित दो प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था, जिन्हें वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है। इन दोनों ही मंचों पर उन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से महिला 3x3 औसत का पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
अविश्वसनीय स्पीड और कड़ा अभ्यास
रुबिक क्यूब प्रतियोगिताओं के नियमों के तहत खिलाड़ी को क्यूब पांच बार सुलझाना होता है, जिसके बाद उनके सभी प्रयासों का औसत निकाला जाता है। नन्हीं खिलाड़ी ने एक प्रतियोगिता में 4.52 सेकंड और दूसरी में मात्र 4.27 सेकंड का औसत समय दर्ज करके सभी को चौंका दिया। वह 3x3 रुबिक क्यूब में 4.5 सेकंड से कम का औसत समय बनाने वाली इतिहास की पहली महिला स्पीडक्यूबर बन गई हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में वह अत्यंत आत्मविश्वास के साथ क्यूब को तेजी से घुमाती नजर आ रही हैं। क्यूब पूरा होते ही जैसे ही वह उसे टेबल पर रखती हैं, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता है।
संबंधित खबरें
रोजाना करती हैं घंटों प्रैक्टिस
इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और लगन छिपी है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह रुबिक क्यूब हल करने के 1,300 से अधिक एल्गोरिदम सीख चुकी हैं और रोजाना नियमित रूप से दो से तीन घंटे इसकी प्रैक्टिस करती हैं। उनकी मां का मानना है कि रुबिक क्यूब जैसी गतिविधियां बच्चों के मानसिक विकास, एकाग्रता, याददाश्त और तार्किक क्षमता को मजबूत करने में बेहद मददगार साबित होती हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।




