आजकल लोग छोटे-बड़े कामों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद लेने लगे हैं। सवाल पूछने से लेकर किसी भी जानकारी के लिए और जरूरी फैसलों में सलाह लेने तक, एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन चीन से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने एआई चैटबॉट की सलाह के आधार पर अपनी मां के अंतिम संस्कार की तारीख चुनी। इसके बाद परिवार में हुई एक घटना को उसने उसी तारीख से जोड़ दिया और एआई कंपनी के खिलाफ केस कर दिया।
एससीएमपी के मुताबिक, यह मामला चीन के झेजियांग प्रांत के जियाशान काउंटी का बताया जा रहा है। दक्षिण चीन मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, शि नाम के इस व्यक्ति की मां की अप्रैल में अचानक बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है। मां की मौत के बाद शि को उनके अंतिम संस्कार के लिए एक शुभ तारीख चुननी थी। चीन में कुछ लोग पारंपरिक चीनी कैलेंडर और मान्यताओं के आधार पर ऐसे महत्वपूर्ण मौकों के लिए शुभ दिन चुनते हैं। इसी सिलसिले में शि ने एक एआई चैटबॉट से तारीख पूछी और चैटबॉट के सुझाए दिन पर ही अंतिम संस्कार किया।
एआई की सलाह और परिवार में हुई घटना
शि का दावा है कि अंतिम संस्कार के बाद उसके परिवार के साथ एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। उसने इस घटना को एआई की तरफ से सजेस्ट की गई तारीख से जोड़ दिया। इसके बाद शि ने एआई कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया। उसका आरोप है कि चैटबॉट ने उसे गलत सलाह दी थी। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी साफ है कि परिवार में हुई घटना और एआई की सुझाई तारीख के बीच कोई वैज्ञानिक कारण या सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
संबंधित खबरें
जब खुद उसी एआई की ली कानूनी मदद
इस पूरे मामले की सबसे दिलचस्प और अजीब बात यह है कि जिस एआई चैटबॉट की सलाह को लेकर शि ने कंपनी के खिलाफ शिकायत की, उसी एआई का इस्तेमाल उसने अपनी कानूनी कार्रवाई से जुड़े डॉक्यूमेंट तैयार करने में भी किया। यानी एक तरफ वह एआई कंपनी पर गलत सलाह देने का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसी तकनीक से केस से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने में मदद ले रहा है। इसी वजह से यह मामला सोशल मीडिया और इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
एआई पर कितना भरोसा करना सही?
यह मामला एआई के इस्तेमाल को लेकर एक अहम सवाल भी खड़ा करता है। एआई कई तरह की जानकारी देने में मदद कर सकता है, लेकिन हर जवाब को अंतिम और सही मान लेना ठीक नहीं है। खासकर परिवार, कानून, पैसे या दूसरे महत्वपूर्ण फैसलों से जुड़े मामलों में एआई से मिली जानकारी को दूसरे भरोसेमंद सोर्स से चेक करना जरूरी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।




