मुश्ताक खान अब इस दुनिया में नहीं रहे। ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘स्त्री 2’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले इस लोकप्रिय अभिनेता के निधन की खबर ने फैंस को दुखी कर दिया है। लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा भी है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। साल 2024 में मुश्ताक खान का अपहरण कर लिया गया था। उन्हें एक अवॉर्ड फंक्शन में शामिल होने के बहाने बुलाया गया और फिर बंदूक के दम पर बंधक बना लिया गया। करीब 12 घंटे तक वह किडनैपर्स के कब्जे में रहे थे।
इस पूरी कहानी का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा ये था कि बदमाशों को यकीन था कि मुश्ताक खान बॉलीवुड के बड़े और अमीर स्टार हैं। उन्हें लगता था कि जो कलाकार करोड़ों की फिल्मों में काम करता है, उसके पास भी करोड़ों रुपये होंगे। लेकिन मुश्ताक ने जब अपनी कमाई की सच्चाई बताई, तो किडनैपर्स भी हैरान रह गए थे। बदमाशों ने उनसे 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और उनकी बात न मानने पर उन्हें झूठा तक करार दिया था।
फिल्मी इवेंट के बहाने बिछाया गया था जाल
मुश्ताक खान ने बताया था कि अक्टूबर 2024 के आखिर में उनके पास एक फोन आया था, जिसने खुद को जान-पहचान वाला बताते हुए मेरठ में एक अवॉर्ड फंक्शन का ऑफर दिया। फीस तय होने के बाद उन्हें एडवांस और दिल्ली की फ्लाइट का टिकट भेजा गया। 20 नवंबर को जब वह दिल्ली पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने वाली कार का रास्ता बदल दिया गया और बाद में हथियारबंद लोगों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनके और उनके बेटे के बैंक अकाउंट से करीब 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम भी ट्रांसफर करवा ली थी।
संबंधित खबरें
अजान की आवाज बनी जिंदगी की नई उम्मीद
मुश्ताक के लिए वो रात जिंदगी की सबसे डरावनी रातों में से एक थी। लेकिन सुबह करीब 5:45 बजे उन्होंने अजान की आवाज सुनी और उन्हें अंदाजा हुआ कि आसपास कोई मस्जिद जरूर होगी। किडनैपर्स के सो जाने के बाद उन्होंने मौका पाकर खुद को उनके चंगुल से छुड़ाया और पास की मस्जिद में जा पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों और परिवार की मदद से वह सुरक्षित घर लौट सके।
पर्दे पर अपनी कॉमेडी और बेहतरीन अभिनय से दर्शकों को हंसाने वाले मुश्ताक खान ने असल जिंदगी में मौत के बेहद करीब से गुजरने का खौफ झेला था। आज जब वह हमारे बीच नहीं हैं, तो उनका यह संघर्ष और बहादुरी भरा किस्सा लोगों को और अधिक भावुक कर रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।







