प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के समापन समारोह और इस दौरान दिए गए बयानों के बाद देश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। वड़नगर से लेकर वाराणसी तक आयोजित कार्यक्रमों में बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की।
असम के सीएम का राहुल गांधी पर तीखा हमला
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर करारा वार किया है। उन्होंने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक देश में सनातन की शक्ति है, तब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'बाल भी बांका नहीं कर सकते।' वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमंता ने कहा कि एक समय था जब लोग बीजेपी को सिर्फ मुख्य विपक्षी दल मानते थे, लेकिन 2014 में मोदी जी के नेतृत्व में पार्टी ने देश की कमान संभाली और आज देश भर में हमारे 2530 से अधिक विधायक हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर आज देश में बाबर और औरंगजेब का नामोनिशन मिट्टी के नीचे छुप गया है, तो उसका एकमात्र कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति और मजबूत लीडरशिप है।
दिग्गज नेताओं ने की पीएम मोदी के विजन की तारीफ
गुजरात के वड़नगर में सेवा संकल्प अभियान के पूर्णाहुति समारोह के दौरान देश के कई बड़े नेता एक मंच पर नजर आए। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी, BJP प्रभारी तरुण चुग समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान ने नरेंद्र मोदी को 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए ही भेजा है। बिना रुके, बिना झुके और बिना विश्राम के पिछले 25 सालों से मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा में अविरत जुटे रहना अपने आप में एक मिसाल है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 अक्टूबर 2001 का जिक्र करते हुए कहा कि भुज के भूकंप जैसी विभीषिका से उजड़े गुजरात को एक मॉडल स्टेट के रूप में खड़ा करने वाले पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ आज पूरा देश कर रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो के दावों की सत्यता की 'The Freelance' स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो साभार: संबंधित सोशल मीडिया हैंडल / क्रिएटर।










